किसान नौजवान पटेल यात्रा पहुंची ललितपुर
ललितपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि आज दो करोड़ किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी देने की मांग कर रहे हैं। लेकिन, सरकार नहीं दे रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि भाजपा सरकार किसान विरोधी और अमीरों की हिमायती है।
प्रदेश अध्यक्ष किसान नौजवान पटेल यात्रा का नेतृत्व करते हुये शनिवार को ललितपुर की महरौनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई से किसान, मजदूर और गरीब परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की खामियों को उजागर करते हुए मिशन 2022 में जुट जाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई के चलते लोगों का जीवन यापन कठिन हो गया है। किसानों व मजदूरों से झूठे वादे करके भाजपा सत्ता में आई और अब उन्हें गुमराह कर रही है। बेरोजगारी व किसान आंदोलन के मुद्दे पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस मूल्य वृद्धि को लेकर भाजपा पर हमला बोला तो बाढ़ पर तंज कसा।
पूर्व एमएलसी श्याम सुन्दर सिंह यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश में सर्वाधिक सीटों को जीतकर कीर्तिमान स्थापित कर एक आदर्श शासन की स्थापना करेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ता में आते ही प्रदेश के गरीब परिवारों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने व दस लाख युवाओं को रोजगार देने का संकल्प किया है, जिसे पूरा किया जायेगा।
लखीमपुर: आशीष ने दर्ज कराये बयान, सिद्धू का अनशन खत्म, अखिलेश बोले-समन नहीं गुलदस्ता भेजा
जनसभा में ललितपुर जिलाध्यक्ष तिलक यादव एड. ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वायदा तो किया। लेकिन, रोजगार नहीं सकी। कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण आर्थिक विषमताएं बढ़ी हैं। प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार की घटनाएं बढ़ी हैं। इसलिए कोई उद्योगपति यहां उद्योग लगाने को तैयार नहीं है। कोरोना के नाम पर भी करोड़ों रुपये की लूट हुई है। सरकार बीमारियों व बाढ़ पर भी नियंत्रण नहीं कर पाई। भाजपा सरकारी तंत्र को बर्बाद कर निजी तंत्र को बढ़ावा दे रही है, यह बात जनता समझ चुकी है।