कहा-एक नजर भाजपा पर और दूसरी नजर बूथ पर रखना जरूरी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की साजिश से सतर्क रहने की बात कही है। उन्होंने सोमवार को कहा कि भाजपा 2022 के चुनावों में कोई साजिश न कर सके, इसलिए सबको सतर्क रहकर अपने-अपने काम को निष्ठा से अंजाम देना होगा। एक नजर भाजपा पर और दूसरी नजर बूथ पर रखना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1940 रुपये तय किया है। पहली बात तो यह कि अभी धान क्रय केन्द्र खुले ही नहीं है। पिछली बार भी किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिला था। मजबूरी में तय मूल्य के नीचे मंडी में उसे हजार रुपये और उससे भी कम रुपये में अपनी फसल बेचनी पड़ गई थी। खरीद की प्रक्रिया बहुत धीमी रही है और अधिकारी क्वालिटी के नाम पर खरीद को नज़रअंदाज करते रहे हैं।
रणजीत सिंह हत्याकाण्ड: राम रहीम समेत पांच दोषियों को आजीवन कारावास
उन्होंने कहा कि किसानों को भाजपा राज में ही सर्वाधिक अपमानित और उपेक्षा का शिकार होना पड़ा है। खाद के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 50 किलोग्राम एनपीके खाद जो 1,175 रुपये में मिलती थी अब बढ़ी दरों पर 1,440 रुपये में मिलेगी। एनपी उर्वरक खाद में भी 70 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। डीजल और बिजली पहले से ही महंगी कर दी गई है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की बात करने वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने चार साल तक गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ किसानों का भारी गुस्सा देखते हुए और चुनावी फसल काटने के लिए अंतिम चुनाव वर्ष में मुख्यमंत्री जी छद्म सहानुभूति दिखाने लगे हैं।