हरदोई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर सत्तारूढ़ दल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जेवर में जो एयरपोर्ट बना रही है, वह बेचने के इरादे से बनाया जा रहा है। हकीकत में समाजवादी लोग दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाएंगे। प्रदेश में सपा सरकार बनने पर गम्भीर बीमारियों का मुफ्त इलाज होगा। मुफ्त विशेष खाद्यान्न योजना प्रारम्भ की जाएगी। 1500 रुपये माताओं-बहनों के एकाउण्ट में जाएगा।
अखिलेश यादव यहां महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के 15वां मूर्ति स्थापना दिवस समारोह पर सण्डीला के सागरगढ़ी झावर मैदान में आयोजित भागीदारी संकल्प मोर्चा में बोल रहे थे। इस दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी मौजूद रहे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने जिस रास्ते से अपनी सरकार बनाई उस रास्ते को हम बंद कर रहे हैं। किसान, नौजवान सभी मिलकर भाजपा को सबक सिखाएंगे। पश्चिम बंगाल में ‘खेला होबे’ का नारा था उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के चुनावों में भाजपा के लिए ‘खदेड़ा होबे’ का नारा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश पिछड़ गया है। सबका काम छिन गया है। किसान को धान की कीमत नहीं मिली। नौजवान के पास रोजगार नहीं है। बिजली कारखाने नहीं लगे। भाजपाई जीप चढ़ाते है और जीभ चलाते हैं। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से अपील थी कि वह भाजपा के खिलाफ मतदान करे, भाजपा की इस बार ऐसी ऐतिहासिक हार होगी जिसका उन्हें अंदाज भी नहीं होगी।
Domestic flight operations start from Kushinagar airport
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान की आय दुगनी नहीं हुई। धान बेचने में उसकी जान तक चली गई। लखीमपुर की घटना जलियांवाला बाग हत्याकाण्ड की तरह है। इलाहाबाद में एक परिवार में 4 लोग मारे गए। परिवार न्याय के लिए भागता रहा, सरकार से न्याय नहीं मिला। 30 नवम्बर को हम हाथरस की बेटी की याद करेंगे। उन्होंने कहा सण्डीला अपने लड्डुओं के लिए मशहूर था, वह कारोबार भी बंद हो गया है। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वाले समाजवादियों के काम से अपना काम चला रहे है। कोरोना काल में लोगों को भाजपा सरकार ने अनाथ छोड़ दिया था। तब समाजवादी सरकार में बनी 108 एम्बुलेंस सेवा ही काम आई। डायल 100 का नाम बदला गया तो पुलिस भी बदल गई। पुलिस को सबसे ज्यादा मदद भी समाजवादी सरकार में मिली थी। महंगाई की मार से लोग त्रस्त हैं। भाजपा सरकार जातीय जनगणना से भाग रही है। समाजवादी सरकार गिनती कराकर आबादी के हिसाब से भागीदारी और सम्मान देंगे।
इस दौरान सुभासपा अध्यक्ष ने जनता से अखिलेश यादव को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्प लेकर जाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के तमाम वर्गों को समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मदद दी जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक अनिल वर्मा एवं सत्य नारायण ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।