शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। भाजपा सरकार अपराधियों के साथ खड़ी है। किसानों पर जुल्म ढाए जा रहे हैं। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री का बेटा किसानों पर कार चढ़ाकर मार डालता है, और उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया। अखिलेश ने किसानों को भरोसा दिया कि वह और उनकी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है।
अखिलेश बुधवार को शाहजहांपुर में पूर्व मंत्री स्वर्गीय राममूर्ति वर्मा को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे थे। इसके साथ ही वो बंडा क्षेत्र में स्थित नानकपुर गुरुद्वारे पर भी गये, जहां उन्होंने लोगों का अभिवादन किया और दरबार साहिब के सामने मत्था टेका।
बंडा में नानकपुरी गुरुद्वारे के मंच से अखिलेश यादव ने खीरी कांड को लेकर केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को खूब घेरा।
सपा अध्यक्ष ने पत्रकारों के सवालों का जबाब देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र कूड़े में फेंक दिया। भारतीय जनता पार्टी को संकल्प पत्र उठाकर देखने की जरूरत है कि उसने जनता से क्या वादे किए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अहंकार में डूबी है। लोगों पर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। सराकर ने किसान को बर्बाद किया, नौजवानों बेरोजगार है, व्यापारी से लेकर आम आदमी तक परेशान है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी चुनाव में सपा किसान की समस्यायों, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार से जनता नाराज है। भाजपा से नाराजगी के चलते हो सकता है कि जनता सपा को 400 सीटें जिता दे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भाजपा सरकार पूरी तरफ फेल रही है। बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के चलते कई लोगों की जान गई। भाजपा ने अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। अर्थव्यवस्था को बचाने वाले किसानों पर तीन काले कानून लागू कर दिए।
यह भी पढ़ें-
लखीमपुर खीरी हिंसा: प्रियंका की गिरफ्तारी पर कपिल सिब्बल ने योगी को लिखी चिट्ठी, मांगा जवाब
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में न तो कारखाने लगे और न ही इन्वेस्टमेंट आया। इन्वेस्टमेंट के नाम पर बड़े बड़े आयोजन हुए। भाजपा ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर अमरीका की फैक्ट्री का चित्र लगकार विज्ञापन दिखा दिया। यही भाजपा का विकास है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं है। सरकार अपराधियों के साथ खड़ी है। प्रदेश में एक आईपीएस अफसर, छह पुलिस कर्मी और किसानों पर कार चढ़ाकर उनकी हत्या करने वाले फरार है। उन्होंने कहा कि यह सरकार ठोको, कुचल देने वाली और सवाल करने वालों का मुंह बंद कर देने वाली सरकार है।