ललितपुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई को सोमवार रात बदमाशों ने गोली मार दी। खिड़की से मारी गई गोली युवक के सिर में लग गई, जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते ग्राम प्रधान को गोली मारी गई है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। जाखलौन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना जाखलौन के ग्राम सैपुरा निवासी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तिलक यादव का छोटे भाई पुष्पेन्द्र यादव (48) सोमवार रात घर पर सो रहा था। कमरे की खिड़की खुली हुई थी। देर रात बदमाशों ने उसे खिड़की से गोली मार दी। गोली पुष्पेन्द्र के सिर में धंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने पुष्पेन्द्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुष्पेन्द्र के चचेरे भाई लाखन यादव का आरोप है कि गांव में कुछ लोग इस परिवार से चुनावी रंजिश मानते हैं। उन्ही लोगों ने घटना को अंजाम दिया है।
दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की इस वजह से फिर चर्चा में, 6 साल की उम्र से कर रहीं रैंपवॉक
मामले में पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने बताया कि पुष्पेन्द्र यादव की पत्नी उमा यादव वर्तमान में प्रधान है। वहीं पुष्पेन्द्र वर्ष 2002 में चर्चित कपूर यादव और महाराज यादव हत्याकाण्ड का आरोपी रहा है। इस दोहरे हत्याकाण्ड में उसे सजा भी हो चुकी है। घायल पुष्पेन्द्र के भाई ने इस वारदात को लेकर तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में जाखलौन के रामकुमार, महेश और शैली यादव पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।