कुंवर अशोक सिंह राजपूत
जयपुर। कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर राजस्थान की गहलोत सरकार का मंत्रिमण्डल विस्तार आज होने जा रहा है। सचिन पायलट खेमे से पांच लोग शपथ लेंगे। इस तरह उनकी ताकत में इजाफा होगा। इनमें मुरारीलाल मीणा, बृजेंद्र सिंह ओला, हेमाराम चौधरी, रमेश मीणा और विश्वेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नामों को लेकर बड़ी मुश्किल से सहमति बनी है। जयपुर पहुंचे प्रदेश प्रभारी अजय माकन और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच शनिवार को चार बार बैठकें हुई। इसके बाद मंत्री बनने वालों की सूची को अन्तिम रूप दिया गया।
इससे पहले देर रात मंत्रिमण्डल को लेकर तस्वीर साफ हो गई। हेमाराम चौधरी, महेन्द्रजीत मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, शकुंतला रावत और गोविन्द राम मेघवाल कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मौजूदा राज्यमंत्री ममता भूपेश, भजनलाल जाटव और टीकाराम जुली को कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत किया जा रहा है।
प्रियंका की प्रेशर पॉलिटिक्स: प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, कहा नीयत साफ तो गृह राज्य मंत्री को करें बर्खास्त,देखें-
इसी तरह श्रीमती जाहिदा, बृजेंद्र ओला, मुरारी मीणा और राजेंद्र गुढ़ा राज्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इनमें हेमाराम चौधरी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, मुरारी मीणा और बृजेंद्र ओला पायलट समर्थक हैं। शेष गहलोत खेमे के हैं। छह विधायकों को संसदीय सचिव और विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जाएगा।
गहलोत मंत्रिमंडल में इन नए मंत्रियों के आने से अधिकतम 30 मंत्रियों का कोटा पूरा हो जाएगा। सरकार में कुल 30 मंत्री होंगे, जिनमें 15 पुराने मंत्री होंगे, जिन्होंने पहले इस्तीफा दे दिया था। चर्चा है कि मंत्रिमंडल फेरबदल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 विधायकों को संसदीय सचिव व सात को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। इससे पहले राजस्थान की गहलोत सरकार की कैबिनेट बैठक मुख्यमंत्री गहलोत के आवास पर शनिवार को हुई। इसमें गहलाेत मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया।
राज्य कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने इससे पहले बैठक की शुरुआत में एक प्रस्ताव रखा, जिसके बाद सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने राजभवन जाकर कैबिनेट फेरबदल को लेकर राज्यपाल कलराज मिश्र के साथ चर्चा की। वहीं गहलोत सरकार के तीन मंत्रियों शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया था। इन लोगों ने ‘एक व्यक्ति एक पद’ के सिद्धांत के चलते इस्तीफा दिया था। रघु शर्मा को गुजरात एआईसीसी का प्रभारी, हरीश चौधरी को पंजाब एआईसीसी का प्रभारी और गोविंद सिंह डोटासरा को राजस्थान कांग्रेस का प्रमुख नियुक्त किया गया है।