इस्तीफे के बावजूद इंस्टाग्राम पर लगातार बढ़े रहे फालोअर्स
आगरा। इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करके रातों रात सुर्खियों में आई आगरा पुलिस की कान्सटेबल प्रियंका मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। इस तरह प्रियंका का यूपी पुलिस का सफर एक साल में ही समाप्त हो गया। वह वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं। प्रियंका का इस्तीफा 12 दिन बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने मंजूर कर लिया। इस युवा कान्सटेबल ने सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट से परेशान होकर इस्तीफा दिया था।
कानपुर निवासी प्रियंका मिश्रा वर्ष को झांसी में ट्रेनिंग के बाद पहली तैनाती थाना एमएम गेट में मिली थी। उसने वर्दी में रिवॉल्वर के साथ एक वीडियो बनाया था। इसमें वह एक डायलाग पर लिप्सिंग करती दिखी थीं। 24 अगस्त को यह वीडियो वायरल हो गया था। इसकी जानकारी पर सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद प्रियंका मिश्रा के बारे में सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर रहे थे। इससे परेशान होकर सिपाही ने 31 अगस्त को अपना इस्तीफा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंप दिया था।
ALSO READ-
स्वामी प्रसाद बोले-प्रियंका जमीन के बजाय ट्विटर की नेता, बहनजी को आई सद्बुद्धि
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने इस्तीफा मिलने पर जांच कराई। सीओ सदर राजीव कुमार ने जांच की। इस दौरान सिपाही गैरहाजिर भी हो गईं। वहीं 09 सितम्बर को उन्होंने पुलिस लाइन में आमद करा ली। रविवार को भी ड्यूटी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिपाही के इस्तीफे के लिए प्रार्थना पत्र देने पर सीओ सदर को जांच दी गई थी। उनकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद रविवार को इस्तीफा मंजूर कर लिया गया।
खास बात है कि रिवॉल्वर के साथ वीडियो बनाने वाली प्रियंका मिश्रा के इंस्टाग्राम पर फालोअर्स लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने अपने एकाउंट में कई और वीडियो शेयर किए हैं। सिपाही ने लाइन हाजिर होने के बाद इस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें उन्होंने इस्तीफा देने और लोगों से ट्रोल नहीं करने की बात कही थी। तब उनके तीन हजार फालोअर्स थे। लेकिन, रविवार तक उनके 38,500 फॉलोअर्स हो गए। इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है।