लखनऊ। राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में इलाज करा रहे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. आरके धीमन के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशन लगातार कम हो रहा है। वह यूरिन भी पास नहीं कर पा रहे हैं। इसी वजह से उनका डायलिसिस किया जा रहा है। चिकित्सक लगातार उनकी हलात पर नजर बनाए हुए हैं। चिकित्सक आज शाम और कल तक उनकी हालत में होने वाले सुधार का इंतजार कर रहे हैं। अभी कल्याण सिंह वेंटिलेटर पर ही हैं।
इस बीच कल्याण सिंह की नाजुक हालत की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एसजीपीजीआई पहुंचे और चिकित्सकों से बातचीत की। उन्होंने कल्याण सिंह की सेहत को लेकर चिकित्सकों से चर्चा की। मुख्यमंत्री गुरुवार को एक अहम बैठक के लिए नई दिल्ली गए थे। आज वहां से वापसी के बाद वह एसजीपीजीआई पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के परिजनों से भी मुलाकात की।
विधायकों के अरमान होंगे पूरे, रक्षाबंधन के बाद योगी मंत्रिमंडल का विस्तार तय
कल्याण सिंह बीती 04 जुलाई से एसजीपीजीआई में भर्ती हैं। इलाज के दौरान उनकी सेहत में सुधार भी हुआ लेकिन बाद में फिर तबियत बिगड़ती चली गई। कई दिनों से उनकी हालत में किसी भी तरह का सुधार होता नहीं दिख रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक 17 जुलाई को अचानक पूर्व मुख्यमंत्री को सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी, तब से वह लगातार ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार उनका हालचाल लेने एसजीपीजीआई पहुंच चुके हैं। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेताओं ने लखनऊ आने पर अस्पताल जाकर उनकी सेहत की जानकारी ली है।