कानपुर में ग्रीन पार्क में हुए क्रिकेट मैच के दौरान गुटखा खाते चर्चित वीडियो के बाद एक और वीडियो सुर्खियों में हैं।
इसमें चौबेपुर क्षेत्र पंचायत कार्यालय में कर्मचारी सर्दियों की गुनगुनी धूप का आनन्द लेने में मस्त थे तो इसी बीच परिसर में चर रही एक बकरी विकास कार्य के महत्वपूर्ण कागज मुंह में दबाये लेकर भाग गई।
एक कर्मचारी को जब होश आया तो वह उसके पीछे पीछे दौड़ा। आगे आगे बकरी और पीछे पीछे कर्मचारी। बकरी से सरकारी दस्तावेजों को छुड़ाने में कर्मचारी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बकरी ने उसे खूब छकाया। जैसे तैसे कर्मचारी ने दस्तावेज बकरी के मुंह से छुड़ाये। लेकिन, तब तक वह कई कागज चबा चुकी थी।
PM Modi to visit Dehradun on Dec 4 to lay foundation stone of projects worth Rs 18,000
इस पूरे घटनाक्रम को किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर हंसी मजाक का कारण बन गया है। लोग खूब मजे लेकर इसे शेयर कर रहे हैं। विपक्षी दल तो सरकारी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के साथ योगी सरकार को घेरने में जुटे हैं।
कांग्रेस के नेशनल मीडिया पैनेलिस्ट सुरेन्द्र राजपूत @ssrajputINC ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की फाइल बकरी ले कर भाग गयी। वाह योगी जी वाह मोदी जी।
इससे पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान गुटखा चबाते हुए एक शख्स की तस्वीर काफी वायरल हुई थी। गुटखा चबाने का वीडियो वायरल होने के बाद अगले दिन कानपुर का वह युवक फिर से स्टेडियम पहुंचा। इस बार उसके हाथ में एक पोस्टर था जिसमें लिखा हुआ था कि गुटखा खाना गलत बात है।
हालांकि गुटखा खाने वाले युवक शोभित पांडेय ने कहा था कि उसने गुटखा नहीं चबाया था। मैच देखने के लिए जाते समय ही तलाशी के दौरान गुटखा ले लिया गया था। उनके मुंह में मीठी सुपारी थी जो उन्होंने अपनी बहन से ली थी। शोभित ने वायरल हुए वीडियो में युवती की तस्वीर को लेकर कहा कि वह उसकी बहन है।