मेरठ। उत्तर प्रदेश के दिवंगत पूर्व मुख्यमन्त्री कल्याण सिंह का मेरठ से गहरा नाता रहा है। हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा कहे जाने वाले कल्याण सिंह ने मेरठ में कई बार चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। उनके जोशीले भाषण को मेरठ के भाजपा नेता आज भी याद करते हैं।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजगोपाल गुप्ता, भाजपा नेता संजय त्यागी पांची आदि का बाबूजी कल्याण सिंह से गहरा नाता रहा। 1993 में बाबरी विध्वंस के बाद बाबूजी ने खरखौदा कस्बे में आयोजित जनसभा में श्रीराम मंदिर निर्माण का आह्वान किया था।
उस समय भाजपा खरखौदा मंडल के अध्यक्ष रहे संजय त्यागी पांची बताते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री के भाषण बड़े ही जोशीले होते थे। कार्यकर्ता उनका भाषण सुनकर जोश से भर जाते थे और जय श्रीराम के नारे लगाते थे। डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी बताते हैं कि उनका जैसा ईमानदार, सख्त प्रशासक, कुशल संगठनकर्ता, निष्ठावान कार्यकर्ता नहीं देखा।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ में उनके आवास, विधान भवन और भाजपा कार्यालय में रखा गया। पीएम मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। सोमवार को बुलंदशहर के नरौरा में अंतिम संस्कार होगा। शव दाह स्थल का निर्माण कराया जा रहा है। कमीश्नर, डीएम, सीडीओ व अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया है।