प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह को श्रद्धाजंलि अर्पित की
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी रविवार पूर्वाह्न लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित सिंह के आवास पहुंचे, जहां उनका पार्थिव शरीर रखा गया है। प्रधानमंत्री ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सबके लिए ये शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने जीवन ऐसे जिया कि अपने माता-पिता द्वारा दिए गए नाम को सार्थक कर दिया। वो जीवन भर जन-कल्याण के लिए जिए, उन्होंने जन-कल्याण को ही अपना जीवन-मंत्र बनाया और भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनसंघ, पूरे परिवार को एक विचार के लिए, देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, उन्होंने समर्पित किया।
Kalyan Singh Ji…a leader who always worked for Jan Kalyan and will always be admired across India. pic.twitter.com/nqVIwilT7r
— Narendra Modi (@narendramodi) August 22, 2021
कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे। एक प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे और जीवन के अधिकतम समय में वे जन-कल्याण के लिए हमेशा प्रयत्नरत रहे। उनको जब भी जो दायित्व मिला, चाहे वो विधायक के रूप में हो, चाहे सरकार में उनका स्थान हो, चाहे गर्वनर की जिम्मेदारी हो, हमेशा हरेक के लिए प्रेरणा का केंद्र बने। जन-सामान्य के विश्वास का प्रतीक बने।
जीवनपर्यंत जन कल्याण के लिए समर्पित रहे कल्याण सिंह जी के अंतिम दर्शन किए। उनके परिजनों से मिला। प्रभु श्रीराम उनके परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। pic.twitter.com/NFc0Prs46U
— Narendra Modi (@narendramodi) August 22, 2021
देश ने एक मूल्यवान शख्सियत, एक सामर्थ्यवान नेता खोया है। हम उनकी भरपाई के लिए, उनके आदर्शों और उनके संकल्पों को लेकर अधिकतम पुरुषार्थ करें और हम उनके सपनों को पूरा करने में कोई कमी न रखें। मैं भगवान प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि कल्याण सिंह को अपने चरणों में स्थान दें और प्रभु राम उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।