कहा-मुझे भ्रष्टाचारियों, चोरों और बेईमानों से है बेहद नफरत
सुलतानपुर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पुन: जगह नहीं मिलने पर कहा कि वह लगातार 25 वर्षों से निरंतर इसकी सदस्य रही हैं। मेरा न कद घटा और पद। न मुझे कोई फर्क पड़ा और किसी और पर। यह कोई बड़ी चीज नहीं है। हर वर्ष कार्यकारिणी बदली जाती है। कार्यकारिणी को बदलना पार्टी का हक है। अगर उसे बदल दिया गया तो कौन सी बड़ी बात हो गई। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में नए लोगों को भी जगह मिलनी चाहिए। इसमें चिंता जैसी कोई बात नहीं है। मैं भाजपा में ठीक हूं। इससे पहले चर्चायें थीं कि मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी को पार्टी लाइन से विपरित बयानबाजी करने के कारण राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया है। इससे दोनों में नाराजगी है। हालांकि मेनका गांधी ने अपने ताजा बयान से ऐसी चर्चाओं को खारिज कर दिया।
संसदीय क्षेत्र के अपने दो दिवसीय दौरे के अन्तिम दिन मेनका संजय गांधी ने इसौली विधानसभा के नन्दौली गांव के प्रगतिशील किसान जमील अहमद के आटा मिल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आदर्श किसान से मल्टीग्रेन आटा, बेसन व हींग के पौधे की खरीदारी भी की। उन्होंने आदर्श किसान को जिला मुख्यालय पर एक मॉडल शॉप देने की भी घोषणा की है।
श्रीमती गांधी ने इसके पूर्व अतानगर, सेवरा एंजर, पूरे सिंघई भगत का पुरवा, रसूलपुर, आदमपुर नतौली, अरवर, गौरा समेत छह से अधिक गांव में जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का निस्तारण भी किया। इसौली विधानसभा के गांव के आदर्श किसान जमील की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में यदि उनके जैसे 500 किसान भी हो जाएं, तो सुलतानपुर का नाम भी समृद्धिशाली जिलों में शामिल हो जाएगा।
लखीमपुर हिंसा: पुलिस को मंत्री पुत्र आशीष की तीन दिन की रिमांड मिली
आदर्श किसान जमील अहमद ने बताया कि वैज्ञानिक खेती करने की प्रेरणा उन्हें सांसद मेनका संजय गांधी से ही मिली थी, जिसके बाद उन्होंने फूल की खेती, मसाले की खेती, काला नमक चावल, सेव, बादाम व आम की खेती वैज्ञानिक विधि से करके अपनी आर्थिक समृद्धि कायम कर ली है। इसके लिए उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल ने पुरस्कृत भी किया है।
श्रीमती गांधी ने छह से अधिक गांवों में लोगों से सीधा संवाद करते हुए गरीबों को आयुष्मान कार्ड, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन देने की योजना की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों की खुशहाली के लिए काम कर रहे हैं। सांसद ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि वह सबके ऊपर नजर रखती हैं। हर कानूनगो, हर लेखपाल, हर एक तहसीलदार पर उनकी नजर है। एक एक चीज सहेजकर जैसे मां अपने घर को चलाती है। वैसे वह संसदीय क्षेत्र के लोगों का दुख दर्द बांटकर सबको खुश देखना चाहती हैं।
सांसद ने कहा कि उन्हें भ्रष्टाचारियों, चोरों और बेईमानों से बहुत नफरत है। वह दिसंबर तक प्रदेश के सबसे बड़े एफएम रेडियो स्टेशन का लोकार्पण करेंगी। सांसद ने इसौली के रसूलपुर में लोगों से संवाद करते हुए पूछा इसौली में सरकारी बसें चलती है कि नहीं? जनता की तरफ से हां में जवाब आने पर उन्होंने सन्तुष्टि जतायी। उन्होंने कहा वह बड़े और छोटे दोनों कामों पर बहुत ध्यान देती हैं।