-ओमप्रकाश राजभर बोले यूपी से मुख्यमंत्री योगी की विदाई तय
मऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर अखिलेश यादव और ओमप्रकाश राजभर दोनों के निशाने पर भाजपा रही। सपा और सुभासपा का गठबन्धन तय होने के बाद दोनों नेता पहली बार सार्वजनिक रूप से मंच पर आये और चुनाव के बाद भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का दावा किया।
मऊ जिले के हलधरपुर क्षेत्र में आयोजित इस महापंचायत में मुख्य अतिथि के तौर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुभासपा के झंडे का रंग पीला व समाजवादी पार्टी की टोपी का रंग लाल का हवाला देते हुए कहा कि आज मऊ में लाल पीला एक हुए हैं, इनकी भीड़ को देखकर दिल्ली और लखनऊ में कुछ लोग लाल पीले हो रहे होंगे। लेकिन, मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भाजपा जिस रास्ते से सत्ता में आई थी, ओमप्रकाश राजभर ने वह रास्ता बन्द कर दिया और हम लोग उसमें अब सिटकनी लगाने का काम कर देंगे।
कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद समेत भाजपा के मनोनीत चार नए एमएलसी ली शपथ, योगी बोले अंत्योदय के लक्ष्य प्राप्ति में होंगे सहायक
उन्होंने कहा कि जिस तरह से बंगाल में खेल हुआ है, उसी तरह प्रदेश में खदेड़ा होगा। प्रदेश में अब जो गठबंधन हुआ है, उससे भाजपा का सफाया होगा। भाजपा ने जो सपने दिखाए, झूठ बोलकर जनता को बरगलाया। अब झूठ बोलने वालों की कोई सजिश दलित और पिछड़े वर्ग वालों पर सफल नहीं होगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह भविष्य बनाने का चुनाव है, खोया सम्मान पाने का चुनाव है। पूर्वांचल से निकला संदेश देश का भविष्य तय करता है। अगर इसी तरह समर्थन मिलता रहा तो हम निश्चित तौर पर 400 सीट प्राप्त कर लेंगे। उन्होंने कहा कि झूठा सपना, झूठे वादों के दम पर सरकार बनाने वाले लोग कहते रहे कि हवाई चप्पल वाले हवाई जहाज से चलेंगे। जबकि, आज हवाई चप्पल वालों की मोटरसाइकिल भी खड़ी हो गई है।
इस मौके पर सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश से मुख्यमंत्री योगी की विदाई तय है। हर तरफ महंगाई बढ़ी है। पश्चिम बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश में खेला होगा। ‘योगी जी सुन लीजिए, मैं सत्ता पर बैठाना जानता हूं तो उतारना भी जानता हूं।’ उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही गरीबों का बिजली बिल माफ होगा। दुनिया के सबसे बड़े झूठे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ हैं।
उन्होंने कहा कि कल के बाद भाजपा अफवाह उड़ाना शुरू कर देगी कि ओम प्रकाश राजभर 500 या एक हजार करोड़ लेकर बिक गया। लेकिन, इस पर विश्वास करने की जरूरत नहीं है। सुभासपा ने तय कर लिया है कि अगले मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के अखिलेश यादव ही होंगे। हम अखिलेश यादव के साथ सरकार बनाकर इसे बचाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते थे कि देश बिकने नहीं दूंगा और इसे धीरे-धीरे इसे बेच रहे हैं।