अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अपराह्न करीब पांच बजे उनके गृह जनपद अलीगढ़ पहुंचा। अहिल्याबाई स्टेडियम में अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर रखा गया है। सोमवार को बुलंदशहर के अतरौली के नजदीक नरोरा में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों सहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पार्थिव शरीर के साथ हैं। अंत्येष्टि तक योगी आदित्यनाथ के अलीगढ़ में ही रहने की जानकारी मिली है।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए शनिवार रात से ही उनके लखनऊ स्थित आवास पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी। रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और बसपा सुप्रीमो मायावती समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के तमाम दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया था। वह वहां चार जुलाई से भर्ती थे।
रविवार को पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर विधान भवन ले जाया गया, जहां सपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद सहित लगभग सभी दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधान भवन में पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन के समय दलगत राजनीति की दीवारें टूटती नजर आयीं।
इसके बाद उनका उनका पार्थिव शरीर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में रखा गया, जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अलावा पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने नेता को अंतिम विदाई दी। वहां से करीब तीन बजे तिरंगे के साथ भाजपा के ध्वज में लिपटा हुआ कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर सेना के वाहन से लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे के लिए रवाना किया गया। साथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री भी फ्लीट के साथ रवाना हुए।
अमौसी हवाई अड्डे से उनका पार्थिव शरीर एयर एंबुलेंस से अलीगढ़ ले जाया गया। वहीं उनके परिवार के लोगों को एक दूसरे विमान से लेकर मुख्यमंत्री योगी भी अलीगढ़ के लिए रवाना हुए। सोमवार को कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अतरौली ले जाया जायेगा, जहां आम जन व उनके समर्थक अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार को ही अपराह्न में नरोरा में गंगा के किनारे पूरे राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार होगा। राज्य सरकार ने अंत्येष्टि वाले दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।