टोक्यो। खेल की दुनिया में भारत की बेटी वंदना कटारिया बेहद सुर्खियों में आ गई है। भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना ने टोक्यो ओलम्पिक में ऐसा कुछ कर डाला है कि वह पूरे देश की नजरों में आ गई है और उन्हें बधाईयां मिल रही हैं। उत्तराखण्ड के हरिद्वार स्थित उनके घर में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी वन्दना को बधाई दी है।
दरअसल वंदना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में तीन गोल दागे और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से पटखनी दी। वंदना के शानदार खेल की बदौलत ही भारतीय टीम ग्रुप ‘ए’ का अपना आखिरी मुकाबला जीतने में सफल रही और क्वार्टर फाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा।
अपने इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत वंदना ओलम्पिक इतिहास में हॉकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। 1984 के बाद किसी भारतीय ने ओलम्पिक में हैट्रिक नहीं लगाई थी। इससे पहले आखिरी बार 1984 ओलम्पिक में पुरुष हॉकी खिलाड़ी विनीत शर्मा ने गोल की हैट्रिक लगाई थी। मलेशिया के खिलाफ मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी और भारत ने मुकाबले को 3-1 से जीता था।
टोक्यो ओलम्पिक में इस प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ग्रुप में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं वंदना की मां ने कहा कि वंदना अपने खेल के दम पर भारत के लिए कुछ बेहतर करेगी, परिवार को इसकी उम्मीद थी। भारत को महिला हॉकी में अपने आप को पदक की दौड़ में बनाए रखने के लिए यह जीत जरूरी थी। वंदना ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड, हरिद्वार और हम सभी का मान बढ़ाया है।
वंदना के पिता चाहते थी कि उनकी बेटी ओलम्पिक में स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा बनें। इसके लिए वंदना भारतीय टीम के कैंप में तैयारियों के लिए जी-जान से जुट गई। इसी बीच उनके पिता का निधन हो गया। पिता के अन्तिम दर्शन और अन्तिम इच्छा के बीच वंदना ने अन्तिम इच्छा को चुना और खेल पर पूरा ध्यान दिया। अब अपने इस बेहतरीन खेल के जरिए उन्होंने पिता के सपने को साकार करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रदर्शन के लिए वन्दना को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराने पर भारतीय महिला हॉकी टीम की सभी खिलाड़ियों तथा इस मैच में हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने वाली देश की बेटी वंदना कटारिया को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।